Tulsi Care: ठंड का मौसम शुरू होते ही सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि पौधों को भी खास देखभाल की जरूरत होती है। सर्दियों में तुलसी का पौधा जल्दी मुरझाने लगता है, खासकर रात की ठंड और ओस की वजह से। लेकिन कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर आप पूरे सीजन अपनी तुलसी को हरा-भरा, स्वस्थ और सुगंधित रख सकते हैं।

1. ज्यादा पानी न दें
सर्दियों में बार-बार पानी देना पौधे को नुकसान पहुंचाता है। मिट्टी में जरूरत से ज्यादा नमी होने पर जड़ें सड़ने लगती हैं। पानी देने से पहले मिट्टी को छूकर देखें, अगर वह पूरी तरह सूखी है, तभी हल्का गुनगुना पानी डालें।
2. पौधे को रात में ढककर रखें
रात में तापमान गिरने और ओस पड़ने से तुलसी कमजोर हो जाती है। इसलिए किसी मोटे कपड़े, बोरा या हल्की प्लास्टिक शीट से पौधे को ढककर रखें। इससे पौधा ठंड के सीधे संपर्क में नहीं आएगा और सुरक्षित रहेगा।
3. नीम के पानी का स्प्रे करें
सर्दियों में कीट-पतंगे पौधे को जल्दी नुकसान पहुंचाते हैं। हफ्ते में एक बार नीम के पानी का छिड़काव करें। चाहें तो थोड़ी फिटकरी का पानी मिलाकर भी स्प्रे कर सकते हैं। इससे पौधा तंदरुस्त रहेगा और पत्तियां चमकदार होंगी।

4. मुरझाई पत्तियां और मंजरी हटाएं
सर्दियों में तुलसी की पत्तियां जल्दी सूख जाती हैं। इन्हें समय-समय पर हटाते रहें, ताकि नई कोपलें तेजी से निकलें। इससे पौधा घना और स्वस्थ बनता है।
इन आसान टिप्स से आप पूरे सर्दी के मौसम में अपनी तुलसी को ताजा और हरा-भरा रख सकते हैं।
