CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के मध्य भागों में अगले दो दिनों तक शीतलहर जैसे हालात बने रहने की संभावना है, जबकि उत्तरी क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया गया है। IMD के अनुसार, प्रदेश के 6 जिलों में शीतलहर और 7 जिलों में घने कोहरे को लेकर चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक सरगुजा संभाग के जिलों में कई स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छा सकता है। वहीं बिलासपुर संभाग में भी एक-दो स्थानों पर कोहरे की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है। अगले दो दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं, हालांकि इसके बाद 3 दिनों में तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
बीते 24 घंटों में माना समेत प्रदेश के कई इलाकों का न्यूनतम तापमान एक बार फिर 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों के लिए रायपुर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, कबीरधाम और बेमेतरा जिलों के कुछ हिस्सों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। वहीं 21 दिसंबर तक गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर और बलरामपुर जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
राजधानी रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज सुबह के समय हल्का कुहासा रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
