School Online Attendance: छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए बड़ा फैसला लिया गया है। अब प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होगा। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग, मंत्रालय की ओर से निर्देश जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजा गया है।
जारी आदेश के अनुसार शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति “विद्या समीक्षा केंद्र” मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जाएगी। इसके लिए विभाग ने प्ले स्टोर लिंक भी उपलब्ध कराया है, ताकि स्कूल प्रबंधन और संबंधित अधिकारी आसानी से ऐप डाउनलोड कर सकें।

स्कूल शिक्षा विभाग ने बताया कि यह व्यवस्था पहले प्रदेश के 7 जिलों में लागू की गई थी, जहां इसके सकारात्मक और संतोषजनक परिणाम सामने आए हैं। उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग से स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, बच्चों की नियमितता और शैक्षणिक गतिविधियों पर बेहतर नियंत्रण संभव हुआ है। इसी सफलता को देखते हुए अब इस प्रणाली को शेष 26 जिलों में भी लागू करने का निर्णय लिया गया है।

निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति प्रतिदिन निर्धारित समय पर ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। दर्ज की गई उपस्थिति की सतत निगरानी की जाएगी और शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय विद्या समीक्षा केंद्र को प्रतिदिन रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसके आधार पर स्कूलों की कार्यप्रणाली और उपस्थिति की नियमित समीक्षा की जाएगी।
