Raipur Cricket Match: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले वनडे सीरिज के दूसरे मुकाबले के लिए दोनों टीमें आज शाम रायपुर पहुंचेंगी। रांची में पहला वनडे जीतने के बाद टीम इंडिया चार्टर्ड विमान से रायपुर पहुंचेगी, वहीं दक्षिण अफ्रीका टीम भी साथ ही पहुंचेगी।
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को दूसरा वनडे खेला जाएगा। मैच से एक दिन पहले यानी शनिवार 2 दिसंबर को दोनों टीमें नेट प्रैक्टिस करेंगी। दोपहर 1:30 बजे दक्षिण अफ्रीका टीम और शाम 5:30 बजे भारतीय टीम अभ्यास सत्र में शामिल होगी। (Raipur IND vs SA Match)

आउटफील्ड और पिच हुई बेहतर
बीसीसीआई के क्यूरेटर्स ने मैदान और पिच को टेकओवर कर लिया है। क्यूरेटर्स के अनुसार रायपुर की आउटफील्ड रांची की तुलना में अधिक तेज है। स्टेडियम में नियमित फर्टिलाइजर उपयोग, समय पर पानी देने और खुली धूप के कारण आउटफील्ड शानदार स्थिति में है। पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बताई जा रही है। हालांकि दूसरे सत्र में ओस गेंदबाजों के लिए चुनौती पैदा कर सकती है और लक्ष्य बचाना मुश्किल हो सकता है।

स्टेडियम की पिच को तैयार करने में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के क्यूरेटर्स भी लगे हुए हैं। हल्के रोलर से रोलिंग की जा रही है और रात के समय ओस से बचाने के लिए पिच को ढंका जा रहा है। दोपहर 2 बजे के आसपास सेंटर पिच नंबर 5 और 6 पर धूप दी जा रही है।
टिकट काउंटर को लेकर असमंजस (Raipur Cricket Match tickets)
ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले दर्शक 2 दिसंबर की शाम तक बूढ़ातालाब स्थित इंडोर स्टेडियम से फिजिकल टिकट प्राप्त कर सकते हैं। क्रिकेट संघ ने दर्शकों की सुविधा के लिए नवा रायपुर रेलवे स्टेशन के पास अस्थायी टिकट काउंटर खोलने की अनुमति मांगी थी, लेकिन अब तक जवाब न मिलने के कारण 3 दिसंबर को काउंटर खुलने को लेकर असमंजस बना हुआ है।
पहली बार लगेगा स्पाइडर कैमरा
रायपुर स्टेडियम में पहली बार स्पाइडर कैमरा लगाया जाएगा। बीसीसीआई की ब्रॉडकास्टिंग टीम ने मैदान के बीचों-बीच इसकी स्थापना शुरू कर दी है। इसके अलावा लगभग 40 अतिरिक्त हाई-क्वालिटी 4K कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। स्टेडियम के चारों ओर अधिकृत विज्ञापन एजेंसियों के बोर्ड लगाने का काम भी 1 दिसंबर की सुबह से शुरू कर दिया गया है।
