CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में दिसंबर की शुरुआत ठंड और बारिश दोनों के साथ होने जा रही है। ऊपरी वायुमंडल में नमी बढ़ने से रविवार को प्रदेशभर में बादल छाए रहे, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम ठंडा बना रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक ऐसी ही स्थिति बने रहने की संभावना जताई है।
श्रीलंका तट के पास बने चक्रवाती सिस्टम के कारण छत्तीसगढ़ में नमी प्रवेश कर रही है। इसके प्रभाव से रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से बादल छाए रहे। धूप कम निकलने से दिन का तापमान नहीं बढ़ पाया और मौसम ठंडा बना रहा।

राज्य में बीती रात का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 1°C बढ़ा। विशेषज्ञों का कहना है कि नमी के कारण अगले 1-2 दिनों तक रात के तापमान में 2 से 5 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। दिसंबर में ठंड बढ़ेगी, लेकिन बीच-बीच में उतार-चढ़ाव भी देखने को मिलेंगे।
पिछले 24 घंटे का तापमान
पिछले चौबीस घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दुर्ग का रिकार्ड किया. वहीं न्यूनतम पारा अंबिकापुर का था. रायपुर का न्यूनतम तापमान 14.6 तथा अधिकतम पारा 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है.

इन क्षेत्रों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर और दुर्ग में हलकी वर्षा की संभावना जताई है. यहां यलो अलर्ट जारी किया गया है.

आज रायपुर का मौसम
राजधानी में सुबह के वक्त बादल छाए हुए हैं, लोगों का अच्छी ठंडी महसूस हो रही है. मौसम विभाग ने आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है. 24 घंटों में तापमान 16 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
