Bilaspur Accident: बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वॉयर-केबल की दुकान में जा घुसी। घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। टक्कर इतनी तेज थी कि शटर, काउंटर, डिस्प्ले रैक और दुकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुकानदार के अनुसार नुकसान करीब 2.50 से 3 लाख रुपए तक पहुंच गया है।

जानकारी के मुताबिक, घटना 30 नवंबर की सुबह करीब 3 बजे की है। राजीव गांधी चौक-जरहाभाठा स्थित नेताजी सुभाष कॉम्प्लेक्स में पार्थ प्रकाश गुप्ता की पराफ्लेक्स वायर एंड केबल की दुकान है। रोज की तरह 29 नवंबर की रात वे दुकान बंद कर घर गए थे। सुबह स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि दुकान का शटर टूटा हुआ है।
सीसीटीवी जांच में सामने आया कि तेज रफ्तार कार फुटपाथ से उछलते हुए सीधे दुकान का शटर तोड़कर भीतर घुस गई। टक्कर के बाद कार में सवार युवक बाहर निकले और तुरंत गाड़ी को बैक कर मौके से फरार हो गए।

दुकानदार पार्थ गुप्ता के अनुसार, शटर, काउंटर, रैक और केबल सहित कई सामान बुरी तरह टूट गए। उन्होंने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 2.50 से 3 लाख रुपए तक का नुकसान हुआ है।
सिविल लाइन टीआई एसआर साहू ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार की पहचान कर ली गई है और जल्द ही ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
