Sarangarh News: सब्जी लेने उतरी महिला, इधर 4 साल की बेटी लेकर फरार हुआ ड्राइवर

Sarangarh News: सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहाघाट में एक महिला बाजार में सब्जी लेने के लिए उतरी तो उसकी 4 वर्षीय बच्ची को कार समेत लेकर ड्राइवर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी थानों को अलर्ट किया और नाकाबंदी शुरू की। जांजगीर जिले की बिर्रा थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया और बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया।

 

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर निवासी सत्यवती सूर्यवंशी अपनी 4 वर्षीय बेटी निधियाना सूर्यवंशी के साथ कार से सरसीवां (सारंगढ़-बिलाईगढ़) गई थीं। कार को रवि पटेल पिता श्रवण पटेल निवासी रतनपुर खुटाघाट चला रहा था। वापसी के दौरान सलिहाघाट बाजार में सत्यवती सब्जी लेने उतरीं और अपनी बेटी को मोबाइल देकर कार में ही बिठा दिया। इसी दौरान ड्राइवर रवि पटेल बच्ची को लेकर कार सहित फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भटगांव पुलिस ने तत्काल आसपास के थानों- बम्हनीडीह, नवागढ़, शिवरीनारायण, चाम्पा, हथनेवरा और सारागांव- को अलर्ट कर नाकाबंदी के निर्देश जारी किए। जांजगीर जिले में बिर्रा पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान सफेद डिजायर कार को रोका। पूछताछ में ड्राइवर की पहचान रवि पटेल के रूप में हुई और कार से 4 साल की बच्ची सुरक्षित हालत में बरामद की गई।

 

भटगांव थाना प्रभारी राजेश चंद्रवंशी ने बताया कि महिला की सूचना और ड्राइवर के मोबाइल लोकेशन के आधार पर पतासाजी की गई। जांजगीर पुलिस की तत्परता से आरोपी को पकड़ा गया। बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है। ड्राइवर को भटगांव थाने लाया जा रहा है, जहां आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *