Bilaspur News: बिलासपुर जिले के शासकीय प्राथमिक शाला उमरिया में स्कूल के भीतर शिक्षक के सोते रहने और बच्चों से पढ़ाई के बजाय अन्य स्कूल कार्य करवाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है और अभिभावकों ने गंभीर नाराज़गी जताई है।
वायरल वीडियो में देखा गया कि कक्षा का शिक्षक कमरे के अंदर आराम से सो रहा है, जबकि छोटे-छोटे बच्चे स्कूल की साफ-सफाई और अन्य कार्यों में लगे हुए हैं। ग्रामीणों ने इस घटना को नन्हे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए खंड शिक्षा अधिकारी कामेश्वर बैरागी ने तत्काल जांच टीम गठित की है। टीम को तीन दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। बीईओ ने कहा कि वीडियो में दिख रहे दृश्य बेहद चिंताजनक हैं और यदि जांच में शिक्षक दोषी पाए जाते हैं, तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने दोषी शिक्षक को तत्काल निलंबित करने और शिक्षा विभाग में जवाबदेही तय करने की मांग की है। ग्राम पंचायत उमरिया की सरपंच मधु कौशिक ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अध्यापन समय में शिक्षक का सोना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। सरपंच ने बताया कि वह स्वयं विद्यालय का निरीक्षण करेंगी और मामले की शिकायत ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से करेंगी। उन्होंने मांग की कि जांच निष्पक्ष हो और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
देखिए वीडियो –
