CG News: उत्तरी छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड बढ़ने के साथ ही आग तापते समय दुर्घटनाओं का सिलसिला भी शुरू हो गया है। ठंड से बचने आग तापते समय झुलसकर दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल, सरगुजा और सूरजपुर जिले में आग और हीटर की लपटों में झुलसकर दो महिलाओं की मौत हो गई। दोनों घटनाएं अलग-अलग जगहों पर हुईं।

पहली घटना – चूल्हे में गिरकर झुलसी 65 वर्षीय महिला
सरगुजा जिले के मैनपाट थाना क्षेत्र स्थित सुपलगा गांव में 65 वर्षीय परमेश्वरी नायक की इलाज के दौरान मौत हो गई। 31 अक्टूबर को वह अपने पति के साथ घर के अंदर आग ताप रही थीं। कुछ देर बाद पति सोने चला गया और उठने के दौरान परमेश्वरी अचानक चूल्हे में गिर पड़ीं। उनकी चीख सुनकर पति ने आग बुझाई लेकिन अस्पताल ले जाने के बजाय उन्हें घर में ही जड़ी-बूटी और घरेलू उपचार दिया जाता रहा।
लगातार स्थिति बिगड़ने पर 15 नवंबर को उन्हें कमलेश्वरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर किए जाने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। गंभीर झुलसने से शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।

दूसरी घटना – हीटर तापते समय झुलसी 35 वर्षीय महिला
सूरजपुर के जोबगा गांव में 35 वर्षीय लीला बरवा की हीटर की गर्मी से झुलसकर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की रात लीला घर में अकेली हीटर जलाकर ताप रही थी, जबकि पति रामदास गांव में धान बेचने गया था। रात में लौटने पर पति ने लीला को बुरी तरह झुलसा पाया। सूरजपुर अस्पताल से रेफर किए जाने पर उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां 15 नवंबर की रात साढ़े 11 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
