Raipur News: मोहल्ले वालों की डांट से नाराज़ 10 साल के बच्चे ने घर और वाहनों में लगाई आग, देखें CCTV फुटेज

Raipur News: राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मोहल्ले वालों की डांट से नाराज़ एक 10 साल के बच्चे ने देर रात घर और आसपास खड़े वाहनों में आग लगा दी। यह घटना रात करीब 2 बजे हुई, जिसका पूरा वीडियो CCTV में कैद है।

स्थानीय निवासी मोहम्मद अफजाल उर्फ राजू ने बताया कि वह रात करीब 1 बजे सोया था। सुबह करीब 3 बजे शोर सुनकर वह उठा, तो देखा कि उसके घर के दो कमरों में आग लगी हुई है। मोहल्लेवासियों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की गई और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

पहले देखिए इन तस्वीरों को…

आगजनी में राजू के घर का भारी नुकसान हुआ। आग में दो फ्रिजर, टीवी, कंप्यूटर सेट, दो पलंग, दो लोहे की पेटियां, दूध और ब्रेड के लगभग 250 कैरेट, चार कुर्सियां, एक टेबल समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा पास में खड़े दो ई-रिक्शा, एक बाइक और एक स्कूटी भी आग की वजह से क्षतिग्रस्त हुई हैं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी 10 वर्षीय बच्चे की पहचान कर ली है। पूछताछ में सामने आया है कि मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसे फटकार लगाई थी, जिससे वह नाराज़ होकर रात में अकेले बाहर निकला और इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *