Janjgir-Champa Theft: जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम खरौद में मंगलवार दोपहर एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े चोरी की वारदात हुई। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 4 बजे एक संदिग्ध युवक लाल बैग लेकर दुकान में आया। उसने दुकानदार से सोने की चेन दिखाने को कहा। चेन देखते समय युवक दुकानदार का ध्यान भटकाता रहा और मौका मिलते ही सोने की चेन से भरा एक पूरा डिब्बा उठा लिया।
दुकानदार जब तक समझ पाता, आरोपी दुकान से बाहर निकलकर पहले से खड़े अपने साथी के पास पहुंच चुका था। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर तेज रफ्तार में फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस लाल बैग और बाइक की पहचान के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर रही है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
