भानुप्रतापपुर: CG News: पूर्व जनपद सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुसऊ राम दुग्गा की आग में जलकर मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि रात में अचानक उन्हें हार्टअटैक आया, जिसके दौरान तड़पने से उनके बिस्तर के पास जल रहे अलाव की आग बिस्तर में फैल गई और कमरा आग की चपेट में आ गया। इससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, बीती रात पुसऊ राम दुग्गा को सीने में दर्द हुआ था। परिजनों ने मालिश कर आराम कराया। ठंड से बचाव के लिए उनके बिस्तर के पास अलाव जलाया गया था। देर रात कमरे से सामान जलने की आवाज पर परिवार वाले पहुंचे तो कमरा धुएं से भरा हुआ था और पुसऊ राम दुग्गा पूरी तरह जल चुके थे। उन्हें बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का वास्तविक कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। वरिष्ठ नेता की मौत से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने कहा कि पुसऊ राम दुग्गा का जाना पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
