Ambikapur Mobile Chori: दीवार में 1 फीट का छेद कर घुसे चोर, 25 लाख के महंगे मोबाइल पार, सस्ते फोन को फेंक दिए

Ambikapur Mobile Chori

Ambikapur Mobile Chori: अंबिकापुर शहर के गुदरी चौक स्थित गोलू मोबाइल शॉप में चोरों ने फ़िल्मी अंदाज़ में सेंधमारी करते हुए करीब 25 लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए। चोरों ने दुकान की शटर तोड़ने के बजाय पीछे की दीवार पर हैंड ड्रिलर (पेचकस जैसी मैनुअल मशीन) से लगभग 1 फीट चौड़ा छेद बनाकर अंदर प्रवेश किया और करीब 100 महंगे मोबाइल ले उड़े। जबकि सस्ते ब्रांड के फोन दुकान के पीछे फेंक दिए गए। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, दुकान के संचालक विक्रांत जायसवाल और विवेक जायसवाल 5 नवंबर की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात में अज्ञात चोर दुकान के पीछे स्थित खाली प्लॉट की ओर से आए और दीवार में सेंध लगाई। CCTV फुटेज में एक चोर मोबाइल निकालते हुए स्पष्ट दिखाई दे रहा है, जबकि आशंका है कि उसका साथी बाहर निगरानी में था।

चोरों ने दुकान में रखे फोन के डिब्बे खोलकर सिर्फ आईफोन, सैमसंग, वनप्लस, ओप्पो और वीवो जैसी महंगी कंपनियों के मोबाइल उठा लिए। वहीं सस्ते मोबाइल और कुछ डिब्बे पीछे फेंक दिए गए। दुकान के बाहर 7 से 8 लाख रुपये कीमत के छोड़े गए मोबाइल मिले हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि दुकान के कैश काउंटर में रखे कुछ नगद राशि और एक सोने की अंगूठी को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। इससे साफ है कि चोर सिर्फ महंगे मोबाइल फोन को टारगेट कर आए थे।

घटना की जानकारी सुबह होने पर संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ जांच की है। CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *