Durg Theft Case: कपड़ा उतारकर चेहरा ढका युवक, दुकान में घुसकर 50 हजार निकाले; देखें VIDEO

Durg Theft Case

Durg Theft Case: दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र के इंदिरा मार्केट में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रंगोली बैंगल्स नामक दुकान की खिड़की तोड़कर एक अज्ञात युवक ने गल्ले से 50 हजार रुपए चुरा लिए। यह घटना 29 अक्टूबर की रात की है।

मामला नेवई थाना क्षेत्र का है। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक युवक कपड़ा उतारकर चेहरा शर्ट से ढककर दुकान के अंदर गल्ले से पैसे निकालते हुए नजर आ रहा है।

CCTV के आधार पर होगी जांच

दुकान मालिक अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने 28 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे अपनी दुकान बंद की थी। अगले दिन सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचा, तो उसने खिड़की का कांच टूटा हुआ और दुकान का सामान बिखरा हुआ पाया। कर्मचारी ने तुरंत मालिक को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही नेवई पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति रात के समय दुकान के आसपास घूमता हुआ दिखाई दे रहा है।

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस चोरी की घटना से इंदिरा मार्केट के अन्य व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। उन्होंने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *