Durg Murder: गर्लफ्रेंड से मिलने गया बॉयफ्रेंड, भाइयों ने पीट-पीटकर की हत्या

Durg Murder

Durg Murder: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। गर्लफ्रेंड से मिलने पहुंचे युवक की उसकी प्रेमिका के भाइयों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र की है।

मृतक युवक की पहचान विक्की उर्फ धीरज सरोज (25 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को आरोपी बनाया है, जिनमें से 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि 3 आरोपी अब भी फरार हैं।

प्रेम प्रसंग में हुई हत्या

जानकारी के मुताबिक, मृतक विक्की का खुर्सीपार निवासी एक युवती से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। 30 अक्टूबर की सुबह युवती की मां घर पर नहीं थी और भाई सूरज भी बाहर गया हुआ था। इस दौरान विक्की लड़की से मिलने उसके घर पहुंच गया। युवती ने कई बार मना किया, लेकिन वह नहीं माना और घर के अंदर घुस गया।

इसी बीच युवती का भाई सूरज घर पहुंच गया। दोनों को एक साथ देखकर वह आग बबूला हो गया। सूरज ने अपने मामा के लड़कों को फोन कर बुलाया, और सभी ने मिलकर दरवाजा बंद कर विक्की की बेरहमी से पिटाई की। पिटाई के दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से विक्की की मौके पर ही मौत हो गई।

मां ने लगाया गंभीर आरोप

मृतक की मां शोभा सरोज ने आरोप लगाया कि लड़की ही उनके बेटे को बुलाकर ले गई थी। उनका कहना है कि लड़के को घर बुलाकर दरवाजा बंद कर सबने मिलकर जान से मार दिया। उन्होंने यह भी बताया कि जब तक वह मौके पर पहुंचीं, तब तक उनका बेटा खून से लथपथ पड़ा था।

पांच आरोपी, दो गिरफ्तार

खुर्सीपार थाना प्रभारी आनंद शुक्ला ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इनमें मुख्य आरोपी सूरज और उसका मामा का बेटा सुधांशु शामिल हैं। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य आरोपी फरार हैं। मामले की जांच जारी है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *