Chhattisgarh Rajyotsav 2025: राज्योत्सव की तैयारी तेज, कलेक्टर ने अधिकारियों की ली क्लास; एयर शो से लेकर शिल्पग्राम तक होगी खास झलक

Chhattisgarh Rajyotsav 2025

Chhattisgarh Rajyotsav 2025: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार शाम कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह (Raipur Collector Gaurav Singh) ने राज्योत्सव स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग अपने कार्य समय सीमा में पूर्ण करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। इस बैठक में मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव डॉ. रवि मित्तल भी मौजूद रहे।

कलेक्टर ने बताया कि इस बार का राज्योत्सव नागरिकों के लिए “विशेष अनुभव” लेकर आएगा। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

एयर शो के दौरान रहेगी मेडिकल और फायर ब्रिगेड टीम (Air Show Raipur)

कलेक्टर ने बताया कि एयर शो के दौरान दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष दर्शक दीर्घा तैयार की जा रही है। फायर और मेडिकल टीम मौके पर मौजूद रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। राज्योत्सव स्थल पर VIP जोन, मीडिया सेक्शन, मुख्य मंच और पार्किंग एरिया का भी जायजा लिया गया। (Raipur Rajyotsav Preparation)

मैदान की स्थिति का अवलोकन किया

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मैदान की स्थिति, सजावट, निर्माण कार्य, प्रकाश व्यवस्था और मंच की रूपरेखा का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हों ताकि राज्योत्सव के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने कहा कि राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है और इसकी तैयारी पूरी जिम्मेदारी से की जानी चाहिए।

30 स्टॉलों में सरकारी योजनाओं की झलक

राज्योत्सव के दौरान छत्तीसगढ़ शासन की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाने के लिए 30 आकर्षक स्टॉलों की प्रदर्शनी लगाई जा रही है। इनमें सभी प्रमुख विभागों की योजनाएं प्रदर्शित होंगी। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और संबंधित विभागीय मंत्रियों के विशाल कटआउट्स भी लगाए जाएंगे।

सरकारी विभागों के साथ-साथ निजी व व्यवसायिक संस्थानों के स्टॉल भी आम जनता के लिए जानकारी का केंद्र बनेंगे, जहां लोग राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

शिल्पग्राम में झलकेगी लोकसंस्कृति की पहचान

राज्योत्सव मेला ग्राउंड के दूसरे हिस्से में शिल्पग्राम और प्रदर्शनी क्षेत्र का निर्माण किया जा रहा है। यहां प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए शिल्पकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे और हस्तशिल्प उत्पादों की बिक्री भी कर सकेंगे।

शिल्पग्राम में प्रवेश से लेकर निकास तक आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति और परंपरा की झलक देखने मिलेगी। नवा रायपुर की दिशा से आने वाले दर्शक पहले गेट से सीधे शिल्पग्राम में प्रवेश कर पाएंगे।

सुरक्षा और स्वास्थ्य की पुख्ता व्यवस्था

लाखों दर्शकों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए स्थल पर पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पूरा परिसर सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षित रहेगा, जिसकी निगरानी एक अलग कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।

किसी भी आपात स्थिति के लिए स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था भी की गई है, जहाँ प्राथमिक उपचार से लेकर आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

फन पार्क बनेगा आकर्षण का केंद्र

राज्योत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ फन पार्क और मीनाबाजार दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेंगे। फन पार्क में मनोरंजक गेम जोन बनाए गए हैं, जबकि मीनाबाजार में पारंपरिक झूले और खेलों का आनंद लिया जा सकेगा।

दर्शकों की सुविधा के लिए इनके समीप फूड कोर्ट तैयार किया गया है, जहां लोग स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *