Bilaspur Accident: मोबाइल पर मैप देखते जा रहा था युवक, ट्रेलर ने रौंदा; पहिए के नीचे दबने से दर्दनाक मौत

Bilaspur Accident

Bilaspur Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सोमवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार छात्र को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान 19 वर्षीय खिलेश चंद्राकर के रूप में हुई है, जो अपने घर का इकलौता बेटा था और कक्षा 12वीं में पढ़ता था। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया।

जानकारी के अनुसार, खिलेश सोमवार को अपने रिश्तेदार के यहां दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने अकलतरा गया था। कार्यक्रम के बाद वह अपनी बाइक से गांव लौट रहा था। रास्ते में उसने दिशा जानने के लिए मोबाइल पर मैप खोला, लेकिन गलती से एनटीपीसी रोड के बजाय सीपत के नवाडीह चौक तक पहुंच गया। उसी समय बलौदा दिशा से आ रहे कोयला लोड ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी।

तेज टक्कर के बाद खिलेश ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौत मौके पर ही हो गई। हादसे में उसका शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना सीपत थाना क्षेत्र के नवाडीह चौक की है।

पहले देखिए इन तस्वीरों को…

हादसे के बाद हंगामा, पुलिस ने किया नियंत्रण

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सड़क से हटाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में रखवाया। इस बीच, मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने नवाडीह चौक पर चक्काजाम कर दिया। लोगों ने मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की।

स्थिति बिगड़ते देख सीपत थाना प्रभारी गोपाल सतपथी, सरकंडा थाना प्रभारी नीलेश पांडेय और मस्तूरी थाना प्रभारी हरीश टांडेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, जिसके बाद देर रात चक्काजाम खत्म कराया गया।

पिता को खोने के बाद मामा ने किया था पालन-पोषण

मृतक खिलेश चंद्राकर मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा का निवासी था। उसके पिता संतराम चंद्राकर की मौत 2020 में कोरोना संक्रमण के दौरान हो गई थी। इसके बाद से खिलेश की परवरिश उसके मामा नीरज चंद्राकर ने की थी। वह ग्राम भनेश्वर के मिशन स्कूल में 12वीं का छात्र था।

खिलेश की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *