Raipur News: राजधानी रायपुर में अवैध पेट्रोल-डीजल कारोबार करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विधानसभा थाना इलाके के पिरदा चौक और टेकारी चौक स्थित दो अलग-अलग यार्ड पर रेंज साइबर पुलिस ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब 44 लाख का पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया।
पुलिस ने इस दौरान 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दोनों मामलों के मास्टरमाइंड सूरज शाह और उमेश साव मौके से फरार हो गए। यह कार्रवाई रायपुर आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर की गई। पहला मामला पिरदा चौक का है, जहां सूरज शाह के यार्ड पर दबिश देकर टीम ने एक टैंकर और 9 ड्रम जब्त किए गए।

इनमें 1200 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल समेत कुल 1.40 लाख रुपए का माल मिला। मौके से अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोड़ और रोहित बघेल को गिरफ्तार किया गया। वहीं टेकारी चौक पर उमेश साव के यार्ड से तीन टैंकर और 8 ड्रम मिले।
इनमें से एक टैंकर से 15,000 लीटर पेट्रोल और 5,000 लीटर डीजल (19.20 लाख) तथा दूसरे टैंकर से 25,000 लीटर डीजल (22.50 लाख) जब्त किया गया। तीसरा टैंकर खाली मिला। इसके अलावा 1,000 लीटर डीजल और 300 लीटर पेट्रोल अलग-अलग ड्रमों से जब्त किया गया। कुल मिलाकर 42.90 लाख का जखीरा मिला।
मौके से शैलेन्द्र कुमार साव, शेख कलीम उद्दीन, राज पटेल, नीरज नेताम और रवि यादव को गिरफ्तार किया गया। दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने डीजल-पेट्रोल के नमूने लेकर एफएसएल जांच के लिए भेजे हैं। पाइप व अन्य सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि बिना लाइसेंस और दस्तावेज के इतने बड़े पैमाने पर ईंधन संग्रह और बिक्री गंभीर अपराध है। दोनों यार्ड मालिकों सूरज शाह और उमेश साव के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।
