Raipur Murder: राजधानी रायपुर के स्टेशन रोड स्थित एवन लॉज में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां 16 वर्षीय नाबालिग युवती ने अपने प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। मृतक मूलतः बिहार का रहने वाला था और फिलहाल बिलासपुर में निवास कर रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय नाबालिग युवती 9वीं कक्षा की छात्रा है और बिलासपुर की रहने वाली है। दोनों के बीच रिलेशनशिप था और नाबालिग युवती प्रेग्नेंट हो गई थी। लेकिन प्रेमी मोहम्मद सद्दाम (Mohammad Saddam murder) शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था।

27 सितंबर की रात दोनों एवन लॉज में ठहरे हुए थे। इस दौरान शादी को लेकर फिर से विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर युवती ने धारदार हथियार से प्रेमी के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने कमरे को बाहर से बंद किया और मृतक का मोबाइल लेकर मौके से निकल गई। चाबी रेलवे ट्रैक पर फेंक दी और घर पहुंचकर अपनी मां को घटना की जानकारी दी।

इसके बाद युवती और उसकी मां ने बिलासपुर पुलिस को वारदात की सूचना दी। सूचना मिलते ही रायपुर पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए। फिलहाल नाबालिग को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
