CG News: Raipur: छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग (Chhattisgarh Shiksha Vibhag) ने शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ी पहल की है। अब राज्य के सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों (Student Attendance Mobile App) की उपस्थिति मोबाइल एप्प के माध्यम से दर्ज होगी। यह एप्प “विद्या समीक्षा केन्द्र” के अंतर्गत विकसित किया गया है और गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है।

जियो-फेंसिंग फीचर के साथ आधुनिक एप (Jio-fencing App)
इस एप्प की सबसे खास बात यह है कि इसमें जियो-फेंसिंग फीचर शामिल किया गया है। यानी शिक्षक (Teacher Attendance Mobile App) केवल तब ही उपस्थिति दर्ज कर पाएंगे, जब वे विद्यालय परिसर के भीतर मौजूद होंगे। इससे फर्जी उपस्थिति दर्ज करने की संभावना पूरी तरह समाप्त हो जाएगी। गुजरात में लागू व्यवस्था से यह एप्प ज्यादा उन्नत और सुरक्षित माना जा रहा है।
मंत्री गजेंद्र यादव का निर्देश
स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य विभाग के मंत्री गजेंद्र यादव ने 4 सितंबर 2025 को आयोजित समग्र शिक्षा समीक्षा बैठक में इस एप को तुरंत लागू करने के निर्देश दिए थे। हाल ही में गुजरात अध्ययन दौरे पर उन्होंने तकनीकी शिक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया और उसके आधार पर छत्तीसगढ़ में और उन्नत प्रणाली लागू करने का फैसला लिया।

कड़ाई से पालन के आदेश
महासमुंद, बेमेतरा, दंतेवाड़ा, सूरजपुर और रायगढ़ के जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में इस व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें और शिक्षकों को एप्प उपयोग के लिए मार्गदर्शन दें।

शिक्षा व्यवस्था में सुधार
यह नई व्यवस्था न केवल उपस्थिति प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाएगी, बल्कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति और विद्यालयीन गतिविधियों की निगरानी भी सरल और प्रभावी होगी। शासन का विश्वास है कि इस तकनीकी पहल से छत्तीसगढ़ के विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार होगा तथा अनुशासन और कार्यकुशलता और अधिक सुदृढ़ होगी।
