CG Breaking News: Bilaspur/Durg: छत्तीसगढ़ में 16 सितंबर मंगलवार रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 16 गायों की दर्दनाक मौत हो गई। एक घटना बिलासपुर जिले के रतनपुर रोड की है, जबकि दूसरी घटना दुर्ग जिले के बाफना टोल प्लाजा के पास हुई। दोनों ही हादसों के बाद क्षेत्र में हंगामा और चक्काजाम की स्थिति बन गई।

बिलासपुर में गर्भवती गाय समेत 8 की मौत (Bilaspur truck accident 8 cows death)
बिलासपुर जिले के कोनी थाना क्षेत्र के रतनपुर रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी गायों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में 8 गायों की मौके पर ही मौत हो गई। एक गर्भवती गाय (Bilaspur pregnant cow death) का पेट फट गया, जिसमें से बछड़ा बाहर आ गया और उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
गुस्साए गौ सेवकों ने आधी रात को सड़क पर चक्काजाम कर दिया। सूचना के बावजूद पुलिस देर से पहुंची, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और वाहनों की आवाजाही बहाल कराई।

दुर्ग में कंटेनर ने रौंदी 8 गायें (Durg container accident 8 cows death)
दूसरी घटना दुर्ग जिले के बाफना टोल प्लाजा के पास हुई। यहां सड़क पर बैठी 8 गायों को कंटेनर ने रौंद दिया, जिससे सभी की मौके पर मौत हो गई। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
दोनों ही हादसों के बाद हिंदू संगठनों ने हंगामा किया और पुलिस प्रशासन को जमकर घेरा। बिलासपुर-रतनपुर रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।

