Durg School Black Magic: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी स्कूल में तंत्र-मंत्र कर कोयल की बलि दी गई। प्रिंसिपल ऑफिस के सामने तांत्रिक आकृतियां, नींबू और सिंदूर मिले। शुक्रवार सुबह जब बच्चे और शिक्षक स्कूल पहुंचे तो खून से सना पक्षी देखकर दहशत में आ गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दुर्ग स्कूल में तंत्र-मंत्र (Durg School Black Magic Case)
यह मामला बोरसी थाना क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है। सुबह स्कूल खुलने पर प्रांगण में अजीबो-गरीब आकृतियां (रांगोलीनुमा डिजाइन), नींबू, सिंदूर और मृत कोयल पड़ी मिली। यह सब प्रिंसिपल रूम के सामने बरामदे में रखा था।

शिक्षक और छात्र दहशत में आ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस कृत्य के पीछे किसका हाथ है और इसका मकसद क्या था।

टोटका काटने बुलाया बैगा (Durg School tantra mantra)
घटना से घबराए शिक्षकों ने टोटके की काट के लिए गांव के बैगा को बुलवाया। बैगा ने स्कूल परिसर में पूजा की, अगरबत्ती और कपूर जलाए और सिंदूर से ‘टोटका खत्म’ करने का दावा किया। टीचर्स ने इसके लिए बैगा को भुगतान भी किया।

अधिकारियों ने कहा – अंधविश्वास फैलाने की कोशिश
ब्लॉक शिक्षा अधिकारी राजेश्वरी चंद्राकर ने कहा- यह घटना शरारती तत्वों की करतूत है। स्कूल में अंधविश्वास फैलाने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।
