Mahtari Vandan Yojana; छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों का घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। इस दौरान जिन मामलों में दस्तावेज अधूरे, लाभार्थी निर्धारित पते पर उपलब्ध नहीं हैं या मृत्यु की स्थिति है, वहां नई रिपोर्ट तैयार की जाएगी। यह निर्देश महिला एवं बाल विकास विभाग की सचिव शम्मी आबिदी ने समीक्षा बैठक के दौरान दिए।

बैठक में दिए गए मुख्य निर्देश (Mahtari Vandan Yojana survey)
अधूरे दस्तावेज, अनुपस्थित हितग्राही और मृत्यु की स्थिति में तत्काल रिपोर्ट तैयार की जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सुपरवाइजर, CDPO और DPO की जिम्मेदारी तय होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के हितग्राहियों को लाभ सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।
आंगनबाड़ी सेवाओं पर विशेष जोर (Anganwadi Services)
सचिव ने रायपुर जिले में आंगनबाड़ी सेवाओं, टेक होम राशन वितरण (Take Home Ration Distribution) और पोषण अभियान की गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पात्र गर्भवती (Pregnant Women Scheme) एवं धात्री माताओं और कुपोषित बच्चों को समय पर गुणवत्तापूर्ण टेक होम राशन उपलब्ध कराना आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। राशन वितरण और एंट्री में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर कड़ी कार्रवाई होगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केन्द्रों का नियमित निरीक्षण जरूरी है।

निरीक्षण को लेकर सख्ती
सचिव शम्मी आबिदी ने कहा कि निरीक्षण केवल औपचारिकता न होकर, सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और हितग्राहियों तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाने का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से वास्तविक स्थिति का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में विभागीय सचिव के साथ संचालक पदुम सिंह एल्मा और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
