CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सतरेंगा पिकनिक स्पॉट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए SECL कर्मी की नदी में डूबने से मौत हो गई। सोमवार देर शाम नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने करीब 24 घंटे की तलाश के बाद उसका शव नदी से बरामद किया।![]()
गहरे पानी में डूबे SECL कर्मी
मृतक की पहचान कोरबा निवासी 24 वर्षीय सुभांशु ध्रुव के रूप में हुई है। वह अपने पांच दोस्तों के साथ रविवार को सतरेंगा पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी नदी के बीच बने एक टापू तक जाने की कोशिश कर रहे थे। बीच रास्ते से सुभांशु वापस लौटने लगा, लेकिन अचानक गहरे पानी में डूब गया।
घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे बचाने और तलाशने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद श्यांग पुलिस और लेमरु थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरा होने और पानी का बहाव तेज होने के कारण रविवार रात रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।
24 घंटे बाद मिला शव
सोमवार सुबह नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया। दिनभर की तलाश के बाद देर शाम सुभांशु का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सुभांशु ध्रुव के पिता का चार वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति के तहत एसईसीएल में नौकरी मिली थी। वह पिछले ढाई वर्षों से एसईसीएल कोरबा क्षेत्र की सेंट्रल वर्कशॉप में कार्यरत थे। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


