Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दहेज प्रताड़ना का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने दहेज की मांग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका उषा कहरा की शादी करीब दो साल पहले सामाजिक रीति-रिवाज से प्रमोद कुमार कमलेश से हुई थी। प्रमोद एक निजी फैक्ट्री में सब-इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। शादी के समय उषा के परिजनों ने एक कार और घरेलू सामान दहेज में दिया था, लेकिन ससुराल पक्ष शादी के बाद से ही और 10 लाख रुपए की मांग कर रहा था।

कर्ज चुकाने के लिए बनाया दबाव (Usha Kahra suicide dowry harassment)
थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी ने बताया कि आरोपी परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और अपने कर्ज चुकाने के लिए उषा पर मायके से पैसे लाने का लगातार दबाव बना रहा था। इस वजह से उषा मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। आरोप है कि पति, सास और ससुर लगातार ताना मारते, गाली-गलौज करते और धमकाते थे। तंग आकर उषा ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी।
मायके पक्ष ने दर्ज कराई शिकायत (Tilda Nevra dowry case)
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजनों ने तिल्दा थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और एफआईआर दर्ज की। जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपी गिरफ्तार (Pramod Kumar Kamlesh arrest,)
1. प्रमोद कुमार कमलेश (उम्र 31 वर्ष), पति
2. श्रीमती बहरतीन बाई (उम्र 58 वर्ष), सास
3. जवाहर लाल कमलेश (उम्र 65 वर्ष), ससुर
(तीनों निवासी – अमोदा गांव, जिला जांजगीर-चांपा)
