धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सिहावा रोड पर दो रेत से भरी हाइवा की आपस में टक्कर हो गई, जिसमें एक 16 वर्षीय हेल्पर की मौके पर मौत हो गई, जबकि ड्राइवर हाइवा में फंस गया। रेस्क्यू टीम ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला।

दोनों वाहन के उड़े परखच्चे (hyva Accident sihava road dhamtari)
यह भीषण टक्कर शांति कॉलोनी के पास पूजा राइस मिल के सामने बुधवार देर रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों हाइवा के परखच्चे उड़ गए और एक वाहन का हेल्पर मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम सुखरी (डोंगरगढ़), जिला राजनांदगांव निवासी 16 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। वह रेत से भरे हाइवा में बतौर हेल्पर सवार था।
ड्राइवर को बाहर निकालने में लगा 5 घंटे का समय (two hyva Collision dhamtari)
टक्कर के बाद ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया था। रेस्क्यू टीम और स्थानीय प्रशासन ने क्रेन और गैस कटर की मदद से लगभग पांच घंटे की मशक्कत कर ड्राइवर को बाहर निकाला और उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
