बलरामपुर/वाड्रफनगर : बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर चौकी क्षेत्र से रविवार को लापता हुए तीन नाबालिग बच्चों को पुलिस ने रायपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। बच्चों की उम्र महज 12 से 13 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चे मजदूरी करने के लिए दूसरे राज्य जाने निकले थे। पुलिस उन्हें लेकर बलरामपुर लौट रही है। बच्चों के मिलने की खबर मिलते ही परिजनों ने राहत की सांस ली और पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
यह था मामला
दरअसल, रविवार को अचानक तीन नाबालिग बच्चे लापता हो गए थे। परिजनों ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। आशंका थी कि बच्चों को बहला-फुसलाकर बालश्रम के लिए बाहर ले जाया गया है। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
मजदूरी करने दूसरे राज्य जाने निकले थे बच्चे
पूछताछ में खुलासा हुआ है कि बच्चों को उनके कुछ साथियों ने बाहरी राज्यों में मजदूरी कर पैसे कमाने का लालच दिया। वे बिना किसी को बताए घर से निकल पड़े। हालांकि वे बहुत दूर नहीं जा सके और रायपुर में ही पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
