नई दिल्ली : संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने कार्यकाल के पूरी होने से दो साल पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया है। वह भारत के ऐसे तीसरे उपराष्ट्रपति बन गए हैं, जिन्होंने कार्यकाल के दौरान ही अपने पद से इस्तीफा दिया है।
धनखड़ ने अपना इस्तीफा 21 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपा और इसके पीछे उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया। उन्होंने लिखा, “स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देने और डॉक्टर की सलाह के पालन हेतु, मैं संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के तहत तत्काल प्रभाव से भारत के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देता हूं।”
अब तक किन-किन उपराष्ट्रपतियों ने कार्यकाल के बीच में छोड़ा पद?
1. वी.वी. गिरी (VV. Giri resignation)
वी.वी. गिरी भारत के पहले उपराष्ट्रपति जिन्होंने कार्यकाल के दौरान इस्तीफा दिया था। वर्ष 1969 में राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन के निधन के बाद वी.वी. गिरी ने कार्यवाहक राष्ट्रपति का पद संभाला। 2 जुलाई 1969 को उन्होंने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देकर स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति चुनाव लड़ा और सफल भी हुए।
2. भैरों सिंह शेखावत (Bhairon Singh Shekhawat resignation)
भैरों सिंह शेखावत ने वर्ष 2007 में यूपीए उम्मीदवार प्रतिभा पाटिल के खिलाफ राष्ट्रपति चुनाव लड़ा था। हारने के बाद 21 जुलाई 2007 को उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद मोहम्मद हामिद अंसारी उपराष्ट्रपति चुने गए।
