बीजापुर : प्रदेश में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। बीजापुर जिले में चलाए गए संयुक्त एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने डल्ला आरपीसी जनताना सरकार के उपाध्यक्ष मोड़ियम सुक्कू (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।

जानकारी के मुताबिक, थाना बासागुड़ा और कोबरा 210 बटालियन की संयुक्त टीम ने कुम्हारपारा और धरमापुर के बीच जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर इस कुख्यात नक्सली को पकड़ा। तलाशी के दौरान सुक्कू के पास से 1 टिफिन बम, इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, कार्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, पावर बैटरी और जमीन खोदने के उपकरण बरामद हुए हैं। उसके खिलाफ थाना बासागुड़ा में एक स्थाई वारंट पहले से लंबित था।
नक्सलियों की साजिश नाकाम
बता दें, CRPF की 74वीं बटालियन की “E & F कंपनी” ने लखपाल क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों द्वारा लगाए गए 10 किलो IED को समय रहते डिटेक्ट कर लिया। बम डिस्पोजल स्क्वॉड (BDS) की मदद से इसे नियंत्रित विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया गया। जवानों ने बताया कि यह विस्फोटक जवानों को नुकसान पहुंचाने की नीयत से बिछाया गया था, लेकिन नक्सलियों की मंशा सफल नहीं हो सकी।
