रायपुर : छत्तीसगढ़ में खनिज संपदा की लूट और जंगलों की कटाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने 22 जुलाई मंगलवार को प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान किया है। यह आंदोलन सुबह 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के सभी पांचों संभागों के प्रमुख राष्ट्रीय और राज्यीय राजमार्गों पर चक्का जाम किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेस वार्ता में कहा कि यह नाकेबंदी छत्तीसगढ़ की जनता द्वारा अपनी खनिज और वन संपदा की रक्षा के लिए उठाया गया कदम है। उन्होंने अडानी समूह पर आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के संरक्षण में छत्तीसगढ़ के कोयला क्षेत्रों, खासकर हसदेव और तमनार, से खनिजों की लूट हो रही है।

PCC चीफ दीपक बैज ने कहा- भाजपा सरकार ने अडानी को जंगल काटने और खनिजों की लूट की खुली छूट दे दी है। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, उन पर फर्जी मुकदमे, लाठीचार्ज और ईडी की कार्रवाई हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आर्थिक नाकेबंदी कर भाजपा सरकार के संरक्षण में अडानी के द्वारा जो यहां की खनिज संपदा को लूटा जा रहा है, उसका विरोध होगा। आम जनता से अपील है कि वह भी जंगल कटाई के विरोध में आयोजित इस आर्थिक नाकेबंदी में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले। तानाशाही भाजपा सरकार को मुंहतोड़ जवाब दें, अडानी की दादागिरी के खिलाफ खड़े हों और प्रदेश को अडानी से मुक्त कराने कांग्रेस की लड़ाई में सहभागी बनें।
इन स्थलों पर कांग्रेस का नाकेबंदी
रायपुर: वीआईपी चौक तेलीबांधा, सांकरा, आरंग, अभनपुर, तिल्दा, खरोरा
बिलासपुर, दुर्ग, जगदलपुर, अंबिकापुर समेत सभी जिलों में चक्का जाम
एम्बुलेंस और स्कूल वाहनों को नाकेबंदी से मुक्त रखा गया है।
PCC चीफ दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। आंदोलन के अधिकार को कुचला जा रहा है, लेकिन कांग्रेस झुकेगी नहीं। यह आंदोलन प्रदेश के स्वाभिमान और अस्तित्व की लड़ाई है।
