Kawardha News: छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण हादसा कवर्धा के कुकदूर थाना क्षेत्र अंतर्गत आगरपानी चाटा इलाके में हुआ। बताया जा रहा है कि यह बोर वाहन मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने के कारण वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे। जिसमें जशपुर के 6 और तमिलनाडु के 3 लोग रहने वाले थे। वाहन में सवार सभी लोग किसी निजी काम से छत्तीसगढ़ की ओर रवाना हुए थे। पहाड़ी और संकरी सड़क होने की वजह से वाहन चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भयानक था कि 4 लोग वाहन के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक मजदूर तमिलनाडु और 2 जशपुर के है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य में जुट गए। हालांकि, खाई का इलाका बेहद दुर्गम और पहाड़ी होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं। इसके बावजूद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि खराब सड़क और ओवरलोडिंग की वजह से वाहन संतुलन खो बैठा। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
