Raipur News: छत्तीसगढ़ में युक्तियुक्तकरण (Rationalization) के तहत स्थानांतरित शिक्षकों के लिए लोक शिक्षण संचालनालय ने सख्त रुख अपनाया है। निर्देशित स्थान पर कार्यभार ग्रहण नहीं करने वाले शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उनका वेतन आगामी आदेश तक रोका जाएगा।
कार्यभार नहीं ग्रहण करने पर रोका जाएगा वेतन
आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जिन अतिशेष शिक्षकों की पदस्थापना नए स्कूलों में की गई है, यदि वे शिक्षक समय पर कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं, तो उनका वेतन आगामी आदेश तक आहरित नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

कोर्ट से राहत पाने वाले शिक्षक रहेंगे आदेश से बाहर
संचालनालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि वे शिक्षक जिन्होंने न्यायालय से स्थगन आदेश (Stay Order) प्राप्त किया है, उन पर यह आदेश लागू नहीं होगा। लेकिन अन्य सभी शिक्षकों को निर्धारित स्थान पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य है।
