CG News: जहरीला फूटू खाने से एक ही परिवार के 10 लोग बीमार, अस्पताल में भर्ती

Surajpur News: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के डेडरी गांव में मंगलवार को एक ही परिवार के 10 सदस्य जहरीला मशरूम खाने के बाद अचानक बीमार पड़ गए। सभी को तत्काल जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है।

परिवार के लोगों ने जानकारी दी कि उन्होंने जंगल से मशरूम तोड़कर लाया था और उसे पका कर भोजन में इस्तेमाल किया। लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर परिवार के सदस्यों को उल्टी, दस्त, चक्कर और कमजोरी जैसी शिकायतें होने लगीं। हालात बिगड़ते देख पड़ोसियों ने एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सौरभ अग्रवाल ने बताया कि पीड़ितों में एक नाबालिग भी शामिल है। सभी को जंगली मशरूम खाने से फूड पॉइजनिंग के लक्षण हुए हैं। समय रहते इलाज मिलने से उनकी स्थिति अब स्थिर है और सभी को डॉक्टरी देखरेख में रखा गया है।

डॉक्टरों की टीम ने मशरूम को जहरीला करार देते हुए लोगों को सलाह दी है कि बिना पहचाने या जंगल से लाए गए मशरूम का सेवन न करें, क्योंकि यह जानलेवा भी हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *