रायपुर सूटकेस मर्डर केस में बड़ा खुलासा: 10 लाख रुपए के लिए ली गई थी किशोर पैकरा की जान, आरोपी दंपति दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार

Raipur Breking news: राजधानी रायपुर में मिले सूटकेस में युवक की लाश मिलने के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि हत्या की यह वारदात 10 लाख रुपये के विवाद को लेकर की गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम देने वाला आरोपी पेशे से वकील है। पुलिस ने वकील अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को रायपुर लाया जा रहा है।

 

50 लाख की जमीन, किशोर को मिले सिर्फ 30 लाख

 

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतक की पहचान किशोर पैकरा के रूप में हुई है, जो रायपुर के हांडीपारा स्थित एचएमटी चौक का निवासी था। किशोर शारीरिक रूप से अक्षम था और व्हीलचेयर पर चलता था। आरोपी वकील अंकित उपाध्याय ने मोहदी गांव स्थित किशोर की जमीन का सौदा एक पार्टी से 50 लाख रुपये में कराया था, लेकिन किशोर को सिर्फ 30 लाख रुपये ही दिए गए। जब किशोर को इस धोखाधड़ी का पता चला, तो उसने शेष 20 लाख में से 10 लाख रुपये की मांग की।

 

गला रेतकर हत्या, फिर सूटकेस में पैक कर शव ठिकाने लगाया

 

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने किशोर को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली। पहले उसकी गला रेतकर हत्या की गई, फिर शव को लाल रंग के सूटकेस में डालकर सीमेंट से पैक किया गया। इसके बाद सूटकेस को स्टील के ट्रंक में बंद कर इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। ट्रंक पर ‘हब्बू भाई’ नाम की मार्किंग और घटनास्थल के CCTV फुटेज ने पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में मदद की।

 

वारदात के बाद दिल्ली भागे, एयरपोर्ट से हुई गिरफ्तारी

 

हत्या के बाद आरोपी दंपति रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली भाग गए थे। रायपुर क्राइम ब्रांच की तीन सदस्यीय टीम ने दोनों को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को मंगलवार शाम की फ्लाइट से रायपुर लाया जाएगा।

 

प्रॉपर्टी डीलरों की भूमिका पर भी जांच

 

मामले में दो प्रॉपर्टी डीलरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि इनकी भूमिका जमीन सौदे या हत्या की साजिश में हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *