सूटकेस में युवक की हत्या का मामला: वकील पति-पत्नी दिल्ली से गिरफ्तार, CCTV और ट्रंक की दुकान बने सुराग

Raipur News: रायपुर राजधानी रायपुर के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में स्टील के ट्रंक में बंद सूटकेस से युवक का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए रायपुर पुलिस ने आरोपी दंपति को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान किशोर पैकरा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि हत्या पूरी तरह सुनियोजित थी और शव को छुपाने के लिए बाकायदा योजना बनाई गई थी।

 

क्या है पूरा मामला?

 

23 जून (सोमवार) को डीडी नगर थाना क्षेत्र के इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2 में एक स्टील के ट्रंक से युवक का शव बरामद हुआ था। शव को लाल रंग के सूटकेस में भरकर पहले सीमेंट से पैक किया गया और फिर एक स्टील ट्रंक में बंद कर कॉलोनी के सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। युवक के गले पर गहरे कट के निशान थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी गला रेतकर हत्या की गई है।

ट्रंक की दुकान और CCTV फुटेज से खुले राज

 

पुलिस ने जब घटनास्थल से मिले ट्रंक की जांच की तो उस पर ‘हब्बू भाई’ नाम की मार्किंग मिली। इसके आधार पर टीम गोलबाजार स्थित ‘शब्बीर स्टील ट्रंक फैक्ट्री’ (हब्बू भाई की दुकान) पहुंची, जहां दुकानदार ने बताया कि कुछ दिन पहले एक महिला और एक पुरुष ने वही ट्रंक खरीदा था।

पास की दुकान में लगे CCTV फुटेज खंगालने पर साफ दिखाई दिया कि वही जोड़ा ट्रंक को ई-रिक्शा में लोड कराकर ले जा रहा है। इसके बाद जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी दंपति उसी कॉलोनी (इंद्रप्रस्थ फेस-2) में किराए पर रहते थे।

 

कॉलोनी के मुख्य गेट पर लगे CCTV कैमरे में दिखा कि वही ट्रंक बाद में एक आल्टो कार (CG 04 B 7700) की डिक्की में रखा गया और कॉलोनी से बाहर ले जाया गया। साथ ही एक महिला सफेद रंग की मोपेड से उस कार के पीछे-पीछे जाती दिखी।

 

आरोपी वकील और उसकी पत्नी दिल्ली से गिरफ्तार

 

CCTV फुटेज और ट्रंक की दुकान से मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने अंकित उपाध्याय और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी अंकित पेशे से वकील है। दोनों को रायपुर लाने की प्रक्रिया चल रही है।

 

हत्या पूर्व नियोजित, गाड़ियां जब्त

 

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि हत्या को बेहद सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया। शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी दंपति ने बाकायदा ट्रंक खरीदा, उसे सीमेंट से भरा और सूटकेस समेत ट्रंक में बंद कर सुनसान स्थान पर फेंक दिया।

जांच के आधार पर पुलिस ने आल्टो कार और महिला की मोपेड दोनों को जब्त कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ में कई अहम तथ्य सामने आए हैं।

 

जल्द होगा बड़ा खुलासा

 

फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किशोर पैकरा की हत्या कब, क्यों और कैसे की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी दंपति से पूछताछ के बाद इस जघन्य हत्याकांड से जुड़ी कई परतें उजागर हो सकती हैं। जल्द ही पुलिस इस पूरे मामले का खुलासा कर सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *