Solar City Nava Raipur: नवा रायपुर बनेगा देश की अगली सोलर सिटी, 65 करोड़ रुपए का भेजा गया प्रस्ताव

Solar City Nava Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी ‘नवा रायपुर’ अब देश की अगली सोलर सिटी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस परियोजना के तहत नवा रायपुर को पूरी तरह सौर ऊर्जा पर आधारित शहर में तब्दील करने की योजना तैयार की गई है। छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) ने इसके लिए राज्य सरकार को 65 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भेजा है।

 

पहले चरण में लगेंगे 10 मेगावॉट के ग्रिड-कनेक्टेड सोलर प्लांट

 

योजना के पहले चरण में 10 मेगावॉट क्षमता के ग्रिड-कनेक्टेड सौर संयंत्र लगाए जाएंगे, जिससे प्रतिवर्ष लगभग 160 लाख यूनिट बिजली उत्पादन का अनुमान है। यह बिजली सीधे पावर ग्रिड में जाएगी और नेट मीटरिंग के जरिए मंत्रालय, इंद्रावती भवन, पुलिस मुख्यालय, रेलवे स्टेशन और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जैसे प्रमुख सरकारी परिसरों की बिजली जरूरतें पूरी होंगी। इससे बिजली बिलों में भारी कटौती और ऊर्जा खर्च में बचत होगी।

 

खेल और यातायात हब भी होंगे रोशन

 

योजना में नवा रायपुर के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और रेलवे स्टेशन को भी सौर ऊर्जा से रोशन करने का प्रावधान है। इसके अलावा एनआरडीए क्षेत्र में आरक्षित भूमि पर बड़े पैमाने पर सोलर प्लांट लगाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

 

भारत सरकार के 2030 रिन्यूएबल एनर्जी लक्ष्य में योगदान

 

इस परियोजना से नवा रायपुर, भारत सरकार के 2030 तक 500 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी उत्पादन के राष्ट्रीय लक्ष्य में भी एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बता दें कि क्रेडा ने पूर्व में मंत्रालय, इंद्रावती भवन, व्यापमं और पुलिस मुख्यालय सहित कई भवनों में 2.5 मेगावॉट के सोलर संयंत्र पहले ही स्थापित कर लिए हैं।

 

सोलर सिटी योजना में क्या है खास ?

 

योजना लागतः 65 करोड़ रुपए

संभावित उत्पादनः 160 लाख यूनिट प्रतिवर्ष

क्षमताः 10 मेगावॉट (ग्रिड कनेक्टेड)

स्थानः मंत्रालय, इंद्रावती भवन, पुलिस मुख्यालय, क्रिकेट स्टेडियम, रेलवे स्टेशन

फायदाः सरकारी भवनों के बिजली बिल में कटौती, स्ट्रीट लाइट्स व अन्य उपकरणों के खर्च में कमी

लक्ष्यः भारत सरकार के 2030 तक 500 गीगावॉट रिन्यूएबल एनर्जी लक्ष्य में योगदान

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *