CG Durg Accident: पाटन-दुर्ग रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की जान चली गई। रेत से भरी तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी हालत गंभीर हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवा वाहन में तोड़फोड़ की और चालक की जमकर पिटाई कर दी।

बता दें, घटना दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत गोंड़पेंड्री गांव की है। जानकारी के अनुसार, गांव के बुजुर्ग रोज की तरह सुबह करीब 6 बजे टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान सड़क पर तेज रफ्तार से गुजर रही रेत से भरी हाइवा ने उन्हें कुचल दिया। हादसे के बाद आस-पास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए और गुस्से में आकर हाइवा के कांच फोड़ दिए।
ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का आक्रोश यहीं नहीं थमा, उन्होंने चालक की भी मौके पर ही जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही उतई थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में लिया और घायल अवस्था में उसे सुरक्षित स्थान पर ले गई।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और लोग प्रशासन से रेत परिवहन में लापरवाही रोकने की मांग कर रहे हैं।
