IPL 2025: दुनिया की सबसे बड़ी टी-20 लीग आईपीएल का धूमधड़ाका आज (शनिवार ) से शुरू हो रहा है.अब 65 दिनों तक चलने वाले क्रिकेट के इस उत्सव में चौके-छक्कों की बरसात होगी और दर्शकों की तािलयों की गड़गड़ाहट होगी.इस सीजन का पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला जाएगा.
आईपीएल 2025 में कुल 74 मैच खेले जाएंगे. इसमें लीग स्टेज में 70 मैच होंगे. सभी 10 टीमें लीग स्टेज में 14-14 मैच खेलेंगी. आईपीएल 2025 के सभी मैच कुल 13 शहरों में खेले जाएंगे जिनमे लखनऊ, हैदराबाद, दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद, विशाखापट्टनम, गुवाहाटी, बेंगलुरु, न्यू चंडीगढ़, जयपुर, कोलकाता और धर्मशाला शामिल है.
इस बार नए कप्तान का जलवा
इस बार कई टीमें नए कप्तान के साथ खिताबी ताल ठोकेंगी. इनमें चौंकाने वाला नाम आरसीबी के रजत पाटीदार का है. अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स की कप्तानी करेंगे, जबकि 2024 में केकेआर को चैंपियन बनाने वाले श्रेयस अय्यर इस बार पंजाब किंग्स की कमान संभालेंगे. कोलकाता की टीम की कप्तानी अजिंक्य रहाणे को सौंपी गई है. ऋषभ पंत इस सत्र में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान हैं.
धोनी, विराट, रोहित भी दिखायेंगे दम
इस बार पुराने धुरंधरों का जलवा भी देखने को मिलेगा। 264 आईपीएल मैच खेलने वाले धोनी चेन्नई की, 252 मैच खेलने वाले विराट आरसीबी और 257 मैच खेलने वाले रोहित शर्मा मुंबई की शोभा बढ़ाएंगे. 185 मैच खेलने वाले रहाणे, 212 मैच खेलने वाले अश्विन, मनीष पांडे (171 मैच) रविंद्र जडेजा (240 मैच) की चमक भी देखने को मिलेगी.
