SEX CD Scandal : छत्तीसगढ़ के चर्चित सेक्स सीडी कांड मामले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को बड़ी राहत मिली है। CBI की विशेष अदालत ने मंगलवार को भूपेश बघेल के खिलाफ दर्ज सभी धाराओं को हटाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा चलाने का कोई आधार नहीं पाया। इस फैसले के बाद भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘सत्यमेव जयते’ लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी।
CBI कोर्ट का फैसला
CBI की विशेष अदालत ने इस मामले में सुनवाई के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ दर्ज सभी आरोपों को खारिज कर दिया। अदालत ने कहा कि भूपेश बघेल के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए कोई ठोस आधार नहीं है।
भूपेश बघेल की प्रतिक्रिया
फैसले के बाद भूपेश बघेल ने X पर ‘सत्यमेव जयते’ लिखते हुए अपनी खुशी जाहिर की। इस फैसले को उनके समर्थकों ने न्याय की जीत बताया है और प्रदेशभर में उनके समर्थन में जश्न का माहौल है।
ये है पूरा मामला?
यह मामला अक्टूबर 2017 में सामने आया था, जब एक कथित सेक्स सीडी को लेकर प्रदेश की राजनीति में भूचाल आ गया था। इस सीडी में तत्कालीन मंत्री राजेश मूणत के होने का दावा किया गया था। इस मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में केस दर्ज हुआ और इसके बाद दिल्ली से पत्रकार विनोद वर्मा को गिरफ्तार किया गया।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताया था। सितंबर 2018 में इस केस में उस समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे भूपेश बघेल की गिरफ्तारी हुई थी। बघेल ने कोर्ट से जमानत लेने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके समर्थन में प्रदर्शन किए। उसी साल विधानसभा चुनाव हुए, जिसमें कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने।
कौन-कौन थे आरोपी?
इस मामले में कई बड़े नाम आरोपी बनाए गए थे, जिनमें कैलाश मुरारका, भूपेश बघेल, पत्रकार और पूर्व मीडिया सलाहकार विनोद वर्मा, विजय पांड्या और विजय भाटिया शामिल थे। वहीं, इस केस के एक आरोपी रिंकू खनूजा की मौत हो चुकी है।
