IMD Weather Update: फरवरी में ही बढ़ते तापमान ने सभी को चौंका दिया है, और आगे भी राहत के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने तिमाही पूर्वानुमान में मार्च से मई 2025 के बीच भयंकर गर्मी की भविष्यवाणी की है। IMD के मुताबिक, इस दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जाएगा, खासकर उत्तर, मध्य और पश्चिमी भारत में।
हीटवेव का दिखेगा व्यापक असर
IMD की रिपोर्ट में चेतावनी दी गई है कि इस साल गर्मी कई रिकॉर्ड तोड़ सकती है और लू (हीटवेव) के दिन भी ज्यादा होंगे। उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में लू का असर सबसे ज्यादा दिखने की संभावना है। पश्चिमी राज्यों और गंगा के मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कहीं अधिक रह सकता है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मार्च से ही बढ़ेगी तपिश
IMD के अनुसार, मार्च में ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहेगा। हालांकि, उत्तर-पश्चिमी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान अपेक्षाकृत सामान्य या उससे कम रह सकता है। लेकिन अप्रैल और मई में गर्मी और भी बढ़ने की पूरी संभावना है, जिससे आम लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
सावधान रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने लोगों से इस गर्मी के मौसम में सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, धूप में जाने से बचना और लू से बचने के उपाय करना बेहद जरूरी होगा।
