Raipur News: राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) में आज सुबह आरंग की रहने वाली गर्भवती महिला ने 8:45 बजे प्रसव पीड़ा के साथ अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति रोग OPD में पहुंची। पीड़ा को महिला ने मल त्याग की आवश्यकता समझा और शौचालय चली गई। इस दौरान अचानक उसने शौचालय में ही 2.4 किलोग्राम की स्वस्थ बालिका को जन्म दे दिया।
मेकाहारा में महिला ने शौचालय में बच्ची को दिया जन्म
परिजनों ने तत्काल ओपीडी स्टाफ को सूचना दी। मौके पर मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए महिला को प्रसव कक्ष में शिफ्ट किया और आवश्यक देखभाल शुरू की। राहत की बात यह रही कि जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह सुरक्षित रहे।

समय पर मिली चिकित्सा सुविधा (Mekahara Hospital Raipur)
जन्म के तुरंत बाद बच्ची को शिशु रोग विशेषज्ञों को दिखाया गया। डॉक्टरों ने उसे सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक देखभाल और टीकाकरण किया। इसके बाद शिशु को परिजनों के सुपुर्द किया गया। चूंकि महिला का ब्लड ग्रुप नेगेटिव था, इसलिए नवजात का ब्लड ग्रुप जांचा गया। पॉजिटिव पाए जाने पर महिला को एंटी-डी (Rh(D) इम्यूनोग्लोब्युलिन) इंजेक्शन और दवाएं दी गईं।
डॉक्टरों की सलाह (Raipur Mekahara woman gave birth in toilet)
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने बताया कि समय पर उपचार और परिजनों के सहयोग से मां और बच्ची दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि प्रसव पीड़ा के दौरान यदि महिला को अचानक मल त्यागने की तीव्र इच्छा महसूस हो, तो यह प्रसव के निकट होने का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टरों को जानकारी देना बेहद जरूरी है।
