CG News: Mungeli: छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के ग्राम चिरौटी में रविवार को दो चचेरी बहनें टेसूआ नाले में नहाने गई थीं, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजन रो-रोकर बेसुध हैं।

नाले में डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत
मृतक बच्चियों की पहचान 6 वर्षीय रबिया जोशी पिता अनूप जोशी (कक्षा पहली) और 7 वर्षीय अंकिता जोशी पिता संजय जोशी (कक्षा दूसरी) के रूप में हुई है। दोनों चचेरी बहनें थीं और अपने ही गांव की अन्य दो बच्चियों के साथ नहाने के लिए नाले पर गई थीं।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, टेसूआ नाला बच्चों के लिए खेलने और नहाने का आम स्थान है, लेकिन रविवार को यह नाला दोनों मासूमों की जान ले बैठा। नहाते समय फिसलकर वे गहरे पानी में चली गईं। उनके साथ गई बच्चियों ने शोर मचाकर गांववालों को सूचना दी।

गांव के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चियों को पानी से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल भी पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी मिलते ही सरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
