CG News : Rajnandgaon: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपने ही दिव्यांग बेटे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आनन-फानन में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरा मामला अटल आवास कॉलोनी, पेण्ड्री का है।
घटना कैसे हुई?
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक विरेन्द्र साहू अपनी पत्नी हिना साहू, मां सुहागा बाई और दो बच्चों के साथ रहता था। हिना और विरेन्द्र दोनों ही पैरों से दिव्यांग थे। 22 सितंबर की सुबह घर में विरेन्द्र (Virendra Sahu death) और उसकी मां सुहागा बाई के बीच झगड़ा हुआ। उसी दौरान हिना अपने दोनों बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी।
मां ने बेटे को पेट्रोल से जलाया (Rajnandgaon Mother Burns Son)
इसी बीच आरोपी मां सुहागा बाई (Suhaga Bai Sahu Arrest) ने अपने बेटे विरेन्द्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। जब पड़ोसी चिल्लाने लगे तो पत्नी हिना मौके पर पहुंची और पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। इसके बाद विरेन्द्र को 108 एम्बुलेंस से शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया।
इलाज के दौरान मौत
डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान विरेन्द्र की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) जोड़ी और आरोपी मां की तलाश शुरू की।

आरोपी मां गिरफ्तार
थाना प्रभारी राजेश साहू ने बताया कि फरार आरोपी मां को गांधी चौक स्थित अपने बहन-दामाद के घर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि उसका बेटा शराब पीकर गाली-गलौच करता था और कई वर्षों से वह इससे परेशान थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
