Raipur Ganesh Visarjan jhanki 2025: राजधानी रायपुर में आज रात गणेश विसर्जन झांकियां परंपरागत मार्ग से निकलेंगी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस प्रशासन ने पूरे रूट को छह सेक्टरों में बांटकर करीब 1800 जवान और अधिकारी तैनात किए हैं। इस दौरान DJ (Raipur DJ Ban) और पटाखों पर सख्ती से रोक रहेगी।

झांकियों का मार्ग (Raipur Ganesh Jhanki 2025)
झांकियां शारदा चौक, जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा और पुरानी बस्ती से होते हुए लाखेनगर होकर रायपुरा महादेव घाट तक जाएंगी। श्रद्धालु इस पूरे मार्ग पर पैदल ही पहुंच पाएंगे। उनकी सुविधा के लिए अलग-अलग जगह पार्किंग स्थल तय किए गए हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था (Raipur traffic update)
महादेव घाट (Raipur Ganesh Visarjan Mahadev Ghat) में विसर्जन के बाद झांकियों में शामिल वाहन अमलेश्वर या भाठागांव होकर लौटेंगे। 9 सितंबर को खारून नदी पुल से अमलेश्वर की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अमलेश्वर से आने वाले वाहन भाठागांव, काठाडीह और दतरेंगा मार्ग से निकलेंगे। जीई रोड की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रूट दिया जाएगा।

शाम 7 बजे से झांकी मार्ग बंद
शाम 7 बजे के बाद झांकी मार्ग पर आने वाले सभी रास्तों को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया जाएगा। झांकियां राठौर चौक–गुरुनानक चौक–एमजी रोड होते हुए शारदा चौक आएंगी। यहां टोकन प्रणाली लागू की गई है। टोकन लेने के बाद ही झांकियों को जयस्तंभ चौक की ओर बढ़ने दिया जाएगा।

सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था
एसएसपी डॉ. उमेद लाल सिंह ने बताया कि छह सेक्टरों में बड़े पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे। उनके अधीन टीआई और एसआई सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। भीड़ में सादी वर्दी में भी पुलिस टीम तैनात रहेगी, जो संदिग्ध लोगों की पहचान कर कार्रवाई करेगी।

प्रतिबंधित सामान या नशे की हालत में पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। झांकी मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी।
