Durg Suicide: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। आर्थिक तंगी और हालात की मार झेल रहे पति-पत्नी ने एक-दूसरे का साथ मरते दम तक निभाया। पति ने आत्महत्या कर ली और महज 12 घंटे बाद पत्नी ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरा इलाका गमगीन है।
पति ने की आत्महत्या, पत्नी की भी मौत (Durg Husband Wife Death)
दुर्ग जिले के सिकोला बस्ती जैतखाम निवासी 50 वर्षीय तिलक कुर्रे (Tilak Kurre Suicide) पेंटर थे, जबकि उनकी पत्नी शीतल (40) मजदूरी कर परिवार का सहारा बनी हुई थीं। परिवार लंबे समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। बड़ा बेटा (24) मारपीट के एक केस में 15 दिन से जेल में बंद है। छोटा बेटा (17) किसी तरह घर का खर्च चला रहा था।

पत्नी को थी गंभीर बीमारी
इसी बीच शीतल की आंत में गंभीर बीमारी सामने आई। उसका बड़ा ऑपरेशन किया गया, जिसमें 10 यूनिट खून चढ़ाना पड़ा। ऑपरेशन सफल रहा लेकिन अस्पताल का खर्च परिवार पर और भारी पड़ गया।

आर्थिक तंगी के चलते पति ने लगाई फांसी (Financial Crisis Suicide Jaitkham Village Durg)
वार्ड पूर्व पार्षद उषा ठाकुर के मुताबिक, परिवार पर कर्ज और तंगी का बोझ बढ़ता जा रहा था। घर की बिजली भी कट चुकी थी। इन परिस्थितियों से टूटकर 31 अगस्त की शाम 4 बजे तिलक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार ने शीतल को पति की मौत की खबर नहीं बताई।
12 घंटे बाद पत्नी की मौत
पति की मौत के लगभग एक घंटे बाद ही अस्पताल में शीतल की तबीयत बिगड़ने लगी। डॉक्टरों ने कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाए। 1 सितंबर की सुबह 5 बजे उसने भी दम तोड़ दिया। अब परिवार के दोनों बच्चे अकेले रह गए हैं। एक जेल में और दूसरा नाबालिग है।
