Sarguja Crime: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। रक्षाबंधन मनाने मायके आई एक महिला को उसके ही बड़े भाई ने मौत के घाट उतार दिया। बहन ने मोबाइल चलाने से मना किया तो भाई ने गले पर कुल्हाड़ी से वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना लखनपुर थाना क्षेत्र के मझवार पारा गांव की है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। (Brother kills sister over mobile)

रक्षाबंधन मनाने मायके आई थी बहन
मृतका की पहचान मुनेश्वरी मझवार (25) के रूप में हुई है, जो ग्राम लिपिंगी की रहने वाली थी और अपने दो बच्चों के साथ 5 अगस्त को मायके आई थी। आरोपी जयप्रकाश मझवार (31) उसका बड़ा भाई है।
मंगलवार की रात जयप्रकाश (Jayprakash Majhwar) मोबाइल चला रहा था, जिस पर मुनेश्वरी ने उसे टोका और मोबाइल छीनकर पास रख लिया। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हुई। विवाद शांत होते ही मुनेश्वरी (Muneshwari Majhwar) खाना खाने के बाद अपने 2 बच्चों के साथ जमीन पर सो गई थी। आधी रात को जयप्रकाश मझवार उठा और उसने कुल्हाड़ी से बहन मुनेश्वरी का गला काट दिया।
मुनेश्वरी (Muneshwari Majhwar killed Brother,) की चीख सुनकर घरवालों की नींद खुल गई। जब तक वे मुनेश्वरी के पास पहुंचे, उसकी मौत हो चुकी थी। बहन की हत्या के बाद जयप्रकाश घर से भाग निकला। मां के साथ सोए दोनों बच्चे भी खून से सन गए थे। परिजनों ने बच्चों को मां से अलग किया।
वारदात के बाद बुधवार सुबह घटना की सूचना पर लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में कुन्नी चौकी में धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया।
आरोपी को भेजा गया जेल (Jayprakash Majhwar arrest)
कुन्नी चौकी प्रभारी डेविड मिंज ने बताया कि, पुलिस ने आरोपी भाई जयप्रकाश मझवार (Jayprakash Majhwar) को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
