CG Khairagarh News : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में बीते चार महीनों से ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही लगातार चोरी की वारदातों का आखिरकार पर्दाफाश हो गया है। गंडई और छुईखदान थाना क्षेत्रों में सक्रिय 12 सदस्यीय चोर गिरोह को पुलिस ने धर दबोचा है। इस गिरोह ने रातों में चोरी कर सुबह-सुबह माल खपाने की रणनीति अपना रखी थी।

लगातार हो रही थीं वारदातें (Khairagarh theft)
गांवों में हर दूसरे-तीसरे दिन चोरी की खबरें आ रही थीं। चोरों का मुख्य निशाना बुजुर्ग दंपत्तियों के घर, खाली मकान और खेत किनारे बसे घर होते थे। वारदातें इतनी नियमित हो गई थीं कि ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ता जा रहा था।

9 बड़ी वारदातें सुलझीं (khairagarh 12 chor arrest)
गंडई और छुईखदान थाना क्षेत्रों में हाल ही में हुई 9 बड़ी चोरियों की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जिला पुलिस की विशेष टीम ने छानबीन कर राजनांदगांव, कवर्धा, दुर्ग और बालोद जैसे जिलों से ताल्लुक रखने वाले 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
11 लाख 30 हजार का सामान बरामद (gang arrested Khairagarh)
गिरफ्तार चोरों के पास से करीब 11 लाख 30 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है। चोरों के पास से जो सामान मिला है, उसमें सोने के मंगलसूत्र, पत्ती और लॉकेट जैसे जेवरात (करीब 8 लाख), चांदी के पायल और लच्छा (1.5 लाख), चोरी में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल (1.5 लाख रुपये मूल्य की) और चार मोबाइल फोन (करीब 30 हजार रुपये के) शामिल हैं। (ChhuiKhadan theft)
पुलिस की पूछताछ में चोरों ने बताया कि वे दिन में अलग-अलग गांवों में घूम-घूमकर पहले टोह लेते थे। जहां घर सूना दिखा, उसे निशाना बनाते थे। फिर रात के अंधेरे में टोली बनाकर निकलते और चुपचाप ताले तोड़ देते। कुछ ही मिनटों में सारा सामान समेटते और मोटरसाइकिल से फरार हो जाते। सुबह होते-होते सामान बेचने की तैयारी शुरू हो जाती थी। पुलिस ने गिरोह को पकड़ने के लिए खास रणनीति बनाई थी। लगातार मिलती शिकायतों के बाद खैरागढ़ पुलिस, साइबर सेल और थाना गंडई की संयुक्त टीम ने काम शुरू किया। स्थानीय मुखबिरों से सूचना ली गई, संदिग्ध लोगों की हरकतों पर नजर रखी गई और तकनीकी सुरागों को खंगाला गया। आखिरकार एक-एक कर सभी 12 आरोपियों को धर दबोचा गया।
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के खिलाफ अन्य जिलों में भी आपराधिक रिकॉर्ड मिले हैं और वहां के मामलों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।गिरफ्तारी के बाद इलाके में राहत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि अब गांवों में रात को सुकून की नींद ली जा सकेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय घरों को सुरक्षित रखें, ताले मजबूत करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
