Mumbai News : मुंबई के नालासोपारा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को घर में ही दफना दिया। हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद उसी महिला ने मृतक के बड़े भाई से ही उस जगह पर टाइल्स लगवा दीं, जहां उसके भाई की लाश दबी थी और उसे इस बात की भनक तक नहीं लगी।
पुलिस के अनुसार, विजय चौहान की हत्या उसकी पत्नी गुड़िया देवी उर्फ चमन और उसके प्रेमी मोनू विश्वकर्मा ने मिलकर 5 या 6 जुलाई को की थी। हत्या के बाद उन्होंने घर के फर्श को खोदकर शव को वहीं दफना दिया और ऊपर की टाइल्स उखाड़ दीं।

इसके कुछ दिन बाद गुड़िया ने विजय के बड़े भाई अजय चौहान को बुलाया और कहा कि पाइपलाइन का काम हुआ है, इसलिए फर्श पर नई टाइल्स लगवानी हैं। अजय पेशे से दिहाड़ी मजदूर है और वह 19 जुलाई को समय निकालकर टाइल्स लगाने पहुंचा, यानी शव मिलने से सिर्फ दो दिन पहले।
अजय ने मीडिया से बात करते हुए बताया, मुझे नहीं पता था कि मैं अपने ही भाई की लाश पर टाइल्स बिछा रहा हूं। गुड़िया ने कहा था कि विजय गुस्से में घर छोड़कर चला गया है, लेकिन जब मैंने ऑफिस में पता किया तो पता चला कि उसने 8 दिन पहले ही नौकरी छोड़ दी थी।
जब विजय का कुछ अता-पता नहीं चला, तो परिवार के एक और सदस्य, अखिलेश ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की. शक के आधार पर जब पुलिस ने विजय के घर में खुदाई करवाई, तो वहां से एक सड़ी-गली लाश बरामद हुई. यह लाश विजय की ही थी.
पेल्हर डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर सुहास बवचे ने बताया, हमें शव के पास कोई हथियार नहीं मिला है। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को कालिना फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। जांच की जा रही है कि हत्या कैसे और किस कारण से की गई। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गुड़िया और मोनू के बीच संबंध कब से थे और क्या यह हत्या पूरी तरह पूर्वनियोजित थी।
