मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। मुंगेली जिले के फास्टरपुर-सेतगंगा थाना अंतर्गत सारंगपुर गांव में एक युवक ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी ही मां की हत्या कर दी और पिता पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, घटना 23 जुलाई की है। आरोपी दिनेश कोसले ने गुस्से में आकर अपनी मां देवकी बाई कोसले की उस समय हत्या कर दी, जब वह घर में बिस्तर पर सो रही थीं। कुल्हाड़ी से किए गए वार इतने गंभीर थे कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
इसके बाद आरोपी ने अपने पिता समारू कोसले पर भी जानलेवा हमला किया। वे गंभीर रूप से घायल हो गए लेकिन समय रहते उन्हें अस्पताल पहुंचा दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी नवनीत कौर छाबड़ा और SDOP मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई।
पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और लकड़ी का बत्ता जब्त किया है। पूछताछ में दिनेश ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। उसने बताया कि वह माता-पिता से घरेलू विवाद को लेकर काफी नाराज था और गुस्से में यह खौफनाक कदम उठा लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में अपराध क्रमांक 38/2025 के तहत धारा 103(1), 109(1) BNS में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसे 24 जुलाई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
