दुर्ग : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में युक्तियुक्तकरण (CG Rationalization) के तहत स्थानांतरित शिक्षकों को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अपील की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, और अब तक 147 अपीलों में से केवल 9 पर जिला स्तरीय समिति ने राहत दी है। शेष 138 शिक्षक अभी भी नए पदस्थापना स्थल पर ज्वाइन नहीं कर पाए हैं, जिससे उन पर निलंबन की तलवार लटक रही है।
क्या है मामला?
2 और 3 जून को जिले में युक्तियुक्तकरण के तहत 636 शिक्षकों की काउंसलिंग हुई थी। 7 जून को संभाग स्तरीय काउंसलिंग में 286 और शिक्षकों को शामिल किया गया। काउंसलिंग के तुरंत बाद नए स्थानों पर पदस्थापना आदेश जारी कर दिए गए थे।
हालांकि, बड़ी संख्या में शिक्षकों ने इस प्रक्रिया के खिलाफ जिला समिति को अपील की थी। अपील में कहा गया कि— विषय का परिवर्तन हो गया है, शिक्षक गंभीर बीमारी से ग्रसित हैं, नई पदस्थापना 60-70 किमी दूर है, वरिष्ठता को नजरअंदाज किया गया है।
अपील पर फैसला
कुल 147 अपीलों में से सिर्फ 9 मामलों को समिति ने मान्य किया। 138 अपीलों को खारिज कर दिया गया। मान्य मामलों में सूची में सुधार कर मूल स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
अब हो सकती है निलंबन की कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) अरविंद मिश्रा ने 16 जुलाई को सभी संबंधित शिक्षकों को 18 जुलाई तक ज्वाइनिंग देने का निर्देश दिया था। समयसीमा बीतने के बाद अब ज्वाइनिंग नहीं देने वाले शिक्षकों की सूची विकासखंड शिक्षा अधिकारियों से मंगाई जा रही है। सोमवार को समीक्षा के बाद निलंबन की कार्रवाई हो सकती है।
हाईकोर्ट भी गए शिक्षक
युक्तियुक्तकरण से प्रभावित कई शिक्षकों ने हाईकोर्ट में याचिका लगाई है। इसी वजह से उन्होंने नए स्थान पर ज्वाइनिंग नहीं दी, जिससे शालाओं की पढ़ाई और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए हैं।
